पटना: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पटना के दानापुर पशुपालन कार्यालय में तैनात निम्नवर्गीय लिपिक विजय कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ राजेंद्र प्रसाद, निवासी निसरपुरा, नौबतपुर की शिकायत पर कार्रवाई की गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके 6 लाख रुपये के GPF भुगतान के एवज में आरोपी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद निगरानी थाना में मामला दर्ज कर पुलिस निरीक्षक जहांगीर अंसारी के अनुरोध पर डीएसपी आसिफ इकबाल मेहदी के नेतृत्व में धावादल गठित किया गया।
धावादल ने कार्रवाई करते हुए एम्स गोलंबर स्थित बुल्लू पान दुकान से 20 हजार रुपये रिश्वत लेते विजय कुमार को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।