पटना में सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को अब इलाज के खर्च की चिंता नहीं करनी होगी। पीएम राहत योजना के तहत पात्र सड़क हादसा पीड़ितों को आयुष्मान भारत से जुड़े अस्पतालों में 1.50 लाख रुपये तक का कैशलेस और मुफ्त इलाज मिलेगा। दुर्घटना की तारीख से अगले सात दिनों तक इलाज का खर्च सरकार उठाएगी।
जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने अस्पतालों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दुर्घटना में घायल लोगों को बिना परेशानी योजना का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को भी कहा है।
योजना का लाभ लेने के लिए दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को 24 घंटे के भीतर नामित आयुष्मान निबंधित अस्पताल में भर्ती कराना जरूरी है। अस्पताल मरीज का विवरण ऑनलाइन ट्रांजेक्शन मैनेजमेंट सिस्टम में दर्ज करेगा। इसके बाद पुलिस सत्यापन और जरूरी अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी होने पर इलाज की सुविधा मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क हादसे के बाद गोल्डन ऑवर बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान तुरंत इलाज मिलने से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हादसे में घायल व्यक्ति को बिना देरी नजदीकी नामित अस्पताल पहुंचाएं, ताकि समय पर इलाज के साथ योजना का लाभ भी मिल सके।