नालंदा। जिले में शराब तस्करों के खिलाफ छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया। इस दौरान तस्करों की ओर से की गई फायरिंग में कांस्टेबल अजीत कुमार को गोली लग गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (EIB) को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की बड़ी खेप नालंदा लाई जा रही है। सूचना के आधार पर मुख्यालय की टीम स्थानीय उत्पाद विभाग की टीम के साथ छापेमारी के लिए निकली थी।
टीम ने पावापुरी-सिलाव इलाके में शराब तस्करों का पीछा किया। इसके बाद हाईवे पर तस्करों की घेराबंदी की जा रही थी। इसी दौरान तस्करों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। फायरिंग में कांस्टेबल अजीत कुमार को गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल कांस्टेबल को तत्काल पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
फिलहाल पीएमसीएच में कांस्टेबल के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना के बाद शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम जुटी हुई है।