बख्तियारपुर में रविवार अहले सुबह पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान रामकृष्णानगर के विग्रहपुर निवासी गैरेज संचालक अंजनी हत्याकांड का मुख्य आरोपी सौरभ पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, अंजनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सौरभ को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। आरोप है कि एक बिल्डर से 20 लाख रुपये की सुपारी लेकर अंजनी की हत्या की गई थी। इस मामले में सौरभ के साथ दो शूटरों को भी पकड़ा गया है।

बख्तियारपुर में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल पांच पिस्टल और करीब 50 कारतूस बरामद किए हैं। मुठभेड़ के दौरान एक महिला पदाधिकारी को भी हल्की चोट आई है।

घटना के बाद मौके पर STF, SIU, DIU और स्थानीय पुलिस की टीम मौजूद रही। FSL की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। पुलिस की इस कार्रवाई को अंजनी हत्याकांड की जांच में अहम माना जा रहा है। फिलहाल घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हथियारों की बरामदगी सहित अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।